गर्मियों के मौसम में जब तेज धूप होती है और तापमान बढ़ने के कारण शरीर जल्दी थकान, कमजोरी और डिहाइड्रेशन का शिकार हो जाता है; पराबैंगनी किरणों का प्रभाव अधिक हो जाता है, तब प्रकृति हमें कुछ ऐसे फल प्रदान करती है जो न केवल स्वाद में बेहतरीन होते हैं बल्कि स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी अत्यंत लाभकारी होते हैं। खरबूजा (मस्कमेलन) जिसका वैज्ञानिक नाम कुकुमिस मेलो (Cucumis melo) है। यह कद्दू, खीरा और लौकी वाले परिवार (कुकुरबिटेसी Cucurbitaceae) से संबंधित है जो उन्हीं लोकप्रिय ग्रीष्मकालीन फलों में से एक है, जिसे गर्मियों का “प्राकृतिक अमृत” कहा जाए तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। अपनी मिठास, शीतलता और पोषक गुणों से भरपूर होने के कारण यह हर आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी है।
खरबूजा लगभग 90 प्रतिशत पानी से भरपूर होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गर्मियों में पसीना अधिक आने के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे चक्कर आना, थकान और कमजोरी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में खरबूजे का सेवन शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है और तुरंत ताजगी का एहसास कराता है। यही कारण है कि इसे गर्मी से राहत देने वाले सर्वोत्तम फलों में से एक माना जाता है।
पोषण की दृष्टि से भी खरबूजा अत्यंत समृद्ध फल है। खरबूजा (Muskmelon) पोषक तत्वों का पावरहाउस है, जो विटामिन A (बीटा-कैरोटीन), विटामिन C, पोटेशियम, फोलेट (विटामिन B9), फाइबर और पानी से भरपूर होता है साथ ही इसमें मिनरल्स-मैग्नीशियम, कैल्शियम, आयरन और जिंक की सूक्ष्म मात्रा पाई जाती है। यह कम कैलोरी वाला फल है जो एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होने के कारण सूजन कम करने और यह रतौंधी जैसी समस्याओं से बचाव करता है। वहीं विटामिन C शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है, जिससे हम संक्रमण और बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं। पोटैशियम हृदय को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होता है और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है साथ खरबूजा पाचन तंत्र के लिए भी अत्यंत लाभकारी होता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को सुचारु बनाता है और कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करता है। जिन लोगों को पेट संबंधी समस्याएं रहती हैं, उनके लिए खरबूजा एक प्राकृतिक औषधि के समान कार्य करता है। इसके नियमित सेवन से पेट साफ रहता है और शरीर हल्का महसूस होता है।
त्वचा और बालों के लिए भी खरबूजा किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन त्वचा को पोषण प्रदान करते हैं, जिससे त्वचा मुलायम और चमकदार बनती है। यह त्वचा को नमी प्रदान करता है और उसे सूखने से बचाता है। इसके अलावा यह बालों को भी मजबूत और स्वस्थ बनाने में सहायक होता है। वजन कम करने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए भी खरबूजा एक आदर्श फल है। इसमें कैलोरी बहुत कम होती है और पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे यह पेट को जल्दी भर देता है और भूख को नियंत्रित करता है। इस प्रकार यह वजन नियंत्रण में सहायक होता है।
आयुर्वेद के अनुसार, खरबूजा शीतल, मधुर और तृप्तिदायक होता है। यह शरीर की गर्मी को शांत करता है और पित्त दोष को संतुलित करता है। इसलिए गर्मियों में इसका सेवन विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है। यह शरीर को अंदर से ठंडक प्रदान करता है और मानसिक शांति भी देता है।
हालांकि खरबूजे का सेवन करते समय कुछ सावधानियों का ध्यान रखना आवश्यक है। इसे हमेशा ताजा और पका हुआ ही खाना चाहिए। कटे हुए खरबूजे को अधिक समय तक खुला नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि इससे उसमें बैक्टीरिया उत्पन्न हो जाते हैं। इसके अलावा खरबूजे को दूध या भारी भोजन के तुरंत बाद नहीं खाना चाहिए, क्योंकि इससे पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। मधुमेह के मरीजों को भी इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।
अंततः यह कहा जा सकता है कि खरबूजा एक ऐसा फल है जो स्वाद, पोषण और स्वास्थ्य का अद्भुत संगम है। यह न केवल शरीर को ठंडक और ऊर्जा प्रदान करता है, बल्कि कई प्रकार की बीमारियों से बचाने में भी सहायक होता है। यदि इसे संतुलित मात्रा में और सही तरीके से आहार में शामिल किया जाए, तो यह हमारे जीवन को अधिक स्वस्थ और ऊर्जावान बना सकता है। इसलिए इस गर्मी में अपने दैनिक आहार में खरबूजे को शामिल करें और प्राकृतिक रूप से स्वस्थ जीवन का आनंद लें।
लेखक
नवनीत कुमार शुक्ल(एआरपी)
विकास खण्ड- सरेनी, जनपद-रायबरेली
मो० नं०- 9451231908